अयोध्या। संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “समरसता संकल्प अभियान” चलाएगी। अभियान की तैयारियों को लेकर सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय में कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें अभियान की रूपरेखा और कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी ने कहा कि संत गुरु रविदास का जीवन समानता, सामाजिक न्याय, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि उनके विचार समाज में समरसता और सामाजिक एकता को मजबूत करने की प्रेरणा प्रदान करते हैं।
भाजपा के मीडिया प्रभारी सुशील मिश्रा ने बताया कि अभियान 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक पांच चरणों में संचालित किया जाएगा। प्रथम चरण में जिले के विभिन्न मठ-मंदिरों में समरसता दीप प्रज्ज्वलन, गुरु वाणी पाठ, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। द्वितीय चरण में “कलश वंदन अभियान” के तहत गुरु रविदास की जन्मस्थली वाराणसी से लाई गई पावन मिट्टी के कलश का पूजन विभिन्न गांवों और मोहल्लों में कराया जाएगा। तृतीय चरण में संत संपर्क अभियान चलाकर संत-महात्माओं एवं धर्माचार्यों से संवाद स्थापित किया जाएगा। चतुर्थ चरण में समरसता यात्रा का आयोजन होगा, जो पंजाब से विभिन्न राज्यों से होते हुए जनपद पहुंचेगी और वाराणसी तक जाएगी। यात्रा के दौरान जनपद में स्वागत कार्यक्रम, संत सम्मेलन तथा अन्य आयोजन किए जाएंगे। पंचम चरण में बड़े शिक्षण संस्थानों में विचार गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा गुरु पूर्णिमा के अवसर पर जनप्रतिनिधि, विधायक, वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी विभिन्न मठ-मंदिरों में पहुंचकर संतों, धर्माचार्यों एवं पुजारियों का सम्मान करेंगे।
कार्यशाला में रुदौली विधायक रामचंद्र यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, अवधेश पाण्डेय ‘बादल’, कमलाशंकर पाण्डेय, अभियान संयोजक शिवम सिंह, राममोहन भारती, जिला महामंत्री राघवेंद्र पाण्डेय, कृष्णकुमार पाण्डेय ‘खुन्नू’, अखण्ड सिंह ‘डिम्पल’ सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।