जलालपुर, अंबेडकर नगर। जलालपुर बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव को लेकर सोमवार से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया मंगलवार को भी जारी रही। नामांकन के दूसरे दिन अध्यक्ष पद के लिए शैलेंद्र नाथ द्विवेदी और शिवधारी यादव ने अपना-अपना नामांकन पत्र दाखिल किया, जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए पंकज मिश्रा ने एकमात्र प्रत्याशी के रूप में पर्चा भरा।
चुनाव अधिकारी राम आसरे चौरसिया ने बताया कि नामांकन के प्रथम दिन अध्यक्ष पद के लिए वीरेंद्र बहादुर सिंह, उपाध्यक्ष पद के लिए राम आसरे यादव, मंत्री पद के लिए मुलायम सिंह यादव, जगदीश चंद्र यादव और शिव पूजन ने नामांकन पत्र दाखिल किया था। वहीं संयुक्त मंत्री पद के लिए चंद्र विजय राव, ऑडिटर पद के लिए आशाराम यादव तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए यशोदानंद मिश्र ने अपनी दावेदारी पेश की।
मंगलवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अध्यक्ष पद पर अब तक तीन तथा मंत्री पद पर तीन प्रत्याशी मैदान में हैं। हालांकि, प्रत्याशियों की अंतिम स्थिति नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
चुनाव अधिकारी के अनुसार, दो सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच के साथ नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद चुनाव मैदान में बचे प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट होगी। 11 सितंबर को मतदान कराया जाएगा और उसी दिन मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।