Thursday, September 24, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्या30 लाख से अधिक दीपों से जगमगाएगी रामनगरी, दीपोत्सव का विशेष पैकेज...

30 लाख से अधिक दीपों से जगमगाएगी रामनगरी, दीपोत्सव का विशेष पैकेज जारी


◆ 16,999 रुपये में श्रीराम जन्मभूमि दर्शन से सरयू आरती और दीपोत्सव तक का अनुभव


◆ 2100 ड्रोन शो, लेजर-3डी प्रोजेक्शन और 2100 बटुकों की सामूहिक सरयू आरती होगी आकर्षण


अयोध्या दीपोत्सव-2026 को भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। दीपावली की पूर्व संध्या पर होने वाले आयोजन में इस बार रामनगरी में 30 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित करने का लक्ष्य रखा गया है। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग और उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने दो रात-तीन दिन का विशेष पर्यटन पैकेज भी जारी किया है।

16,999 रुपये प्रति व्यक्ति के पैकेज में श्रीराम जन्मभूमि दर्शन, अयोध्या के प्रमुख मंदिरों और विरासत स्थलों का भ्रमण, सरयू आरती तथा दीपोत्सव का अनुभव शामिल है। होटल में ठहराव और परिवहन की सुविधा भी पैकेज में दी गई है। पर्यटक घर बैठे इसकी बुकिंग करा सकेंगे। पैकेज में व्यक्तिगत खर्च, स्मारकों का प्रवेश शुल्क, बोट राइड, टिप्स, पोर्टरेज, लॉन्ड्री और कॉल आदि शामिल नहीं हैं। जीएसटी अलग से लागू होगा।

बुकिंग के लिए +91 83030 19844 और www.upstdc.co.in पर संपर्क किया जा सकता है।

श्री अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद के सीईओ जयेंद्र कुमार ने बताया कि पर्यटन विभाग की पहल से दीपोत्सव के दौरान अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को ठहरने, परिवहन और प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के भ्रमण में सुविधा मिलेगी। उन्होंने पर्यटकों से समय रहते बुकिंग कराने की अपील की।


2100 ड्रोन शो और बटुकों की सामूहिक आरती


पिछले वर्ष सरयू तट पर 26 लाख 17 हजार 215 दीप प्रज्वलित किए गए थे। इस बार यह संख्या 30 लाख से अधिक करने का लक्ष्य है। दीपोत्सव में 2100 ड्रोन शो आकर्षण का प्रमुख केंद्र होंगे। जमघट के अवसर पर भी ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा 3डी प्रोजेक्शन, लेजर शो और म्यूजिकल ग्रीन फायरवर्क्स भी दर्शकों को आकर्षित करेंगे।

रामायण की थीम पर रामनगरी को सजाया जाएगा। 2100 बटुक सामूहिक रूप से सरयू आरती करेंगे। 240 से अधिक मंदिरों और मठों में भी दीप प्रज्वलन किया जाएगा। धर्मपथ पर 10 रामायण द्वार और प्रमुख मार्गों पर तीन प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे। 25 प्रमुख चौराहों की विशेष साज-सज्जा होगी। सरयू में पुष्पक विमान का स्थायी इंस्टॉलेशन भी स्थापित किया जाएगा।


30 से अधिक देशों में भेजा जा रहा निमंत्रण


दीपोत्सव में विदेशी मेहमानों और प्रवासी भारतीयों की भागीदारी बढ़ाने की भी तैयारी है। 30 से अधिक देशों में स्थित भारतीय दूतावासों और राजदूतों के माध्यम से प्रवासी भारतीयों को निमंत्रण भेजा जा रहा है। दक्षिण भारतीय रामलीला समेत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजन का हिस्सा होंगे।


सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर जोर


दीपोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियों में जुटा है। आधुनिक तकनीक से जुड़े कार्यक्रमों के साथ पारंपरिक दीप प्रज्वलन और सरयू आरती को भी आयोजन का प्रमुख हिस्सा बनाया गया है।


दीपोत्सव से बढ़ेगा स्थानीय कारोबार


बड़ी संख्या में पर्यटकों के आने से होटल, परिवहन, खानपान और स्थानीय बाजारों में कारोबार बढ़ने की उम्मीद है। रामनगरी के घाटों, सड़कों और मंदिरों को दीपों से सजाया जाएगा। रामायण के प्रसंगों को सजावट, दीवारों और प्रवेश द्वारों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।


वर्ष – वार दीप प्रज्वलन


वर्ष

प्रज्वलित दीप

2017

1.71 लाख

2018

3.01 लाख

2019

4.04 लाख

2020

6.06 लाख

2021

9.41 लाख

2022

15.76 लाख

2023

22.23 लाख

2024

25 लाख

2025

26.17 लाख

वर्ष 2017 से शुरू हुआ दीपोत्सव लगातार विस्तार लेता गया है। वर्ष 2026 में 30 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित करने के लक्ष्य के साथ रामनगरी को एक बार फिर भव्य दीपमाला से सजाने की तैयारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments