Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर आश्रम से दिनदहाड़े गाटर ले जाकर बेचने का प्रयास, खरीदार की सतर्कता...

आश्रम से दिनदहाड़े गाटर ले जाकर बेचने का प्रयास, खरीदार की सतर्कता से आरोपी पकड़ाया

0
ayodhya samachar

जलालपुर,  अंबेडकर नगर। कोतवाली क्षेत्र के कबीर धाम परुइया आश्रम परिसर से भवन के जीर्णोद्धार के लिए रखे गए पांच पुराने लोहे के गाटरों को दिनदहाड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लादकर बेचने ले जाने का मामला सामने आया है। संयोगवश आरोपी उन्हीं गाटरों को उसी कबाड़ की दुकान पर बेचने पहुंच गया, जहां से उन्हें पहले खरीदा गया था। दुकानदार और अन्य लोगों को शक होने पर मामले की जानकारी आश्रम प्रबंधन को दी गई, जिसके बाद आरोपी को गाटरों सहित पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।

आश्रम परिसर में रहने वाले अंबरपुर निवासी संतोष कुमार यादव पुत्र वंशराज यादव ने जलालपुर कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि आश्रम भवन के जीर्णोद्धार के लिए पांच पुराने लोहे के गाटर परिसर में सुरक्षित रखे गए थे। आरोप है कि सोमवार को परुइया आश्रम निवासी आभास वर्मा पुत्र स्वर्गीय राजेश कुमार वर्मा ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर आश्रम पहुंचा और सभी गाटरों को लादकर जलालपुर स्थित उसी कबाड़ की दुकान पर बेचने पहुंच गया, जहां से पहले इन गाटरों की खरीद की गई थी।

दुकानदार को गाटरों की पहचान होने पर उसने आश्रम से जुड़े लोगों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही आश्रम प्रबंधन के लोग मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद पांचों गाटरों सहित आरोपी को जलालपुर कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। आश्रम प्रबंधन ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की मांग की है।

जलालपुर कोतवाल अजय प्रताप यादव ने बताया कि प्रकरण संज्ञान में है। तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version