Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर पेड़ काटते समय हुआ हादसा दबकर किसान की मौत

पेड़ काटते समय हुआ हादसा दबकर किसान की मौत

0
ayodhya samachar

जलालपुर, अंबेडकर नगर। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के समसुद्दीनपुर गांव में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में किसान की जान चली गई। यूकेलिप्टस का पेड़ काटते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और पेड़ किसान के ऊपर गिर पड़ा, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार समसुद्दीनपुर निवासी संदीप गौड़ अपने घर के पास लगे यूकेलिप्टस के पेड़ की कटाई करा रहे थे। वह कुछ दूरी पर बैठकर पेड़ की कटाई देख रहे थे। इसी दौरान कटता हुआ यूकेलिप्टस का पेड़ पास में खड़े आम के पेड़ की डाल पर अटक गया। डाल के सहारे अचानक पेड़ का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे संदीप गौड़ के ऊपर आ गिरा। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने पेड़ हटाकर संदीप गौड़ को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। सूचना पर सम्मनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस ने परिजनों से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

मृतक अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी पत्नी जयललिता का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में 16 वर्षीय पुत्र आकाश और 14 वर्षीय पुत्री अंशिका हैं, जो पिता की असमय मौत से गहरे सदमे में हैं। अचानक परिवार का सहारा छिन जाने से पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने शोक व्यक्त करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया और प्रशासन से हरसंभव सहायता दिलाने की मांग की।

थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि यूकेलिप्टस का पेड़ काटते समय उसके नीचे दबने से किसान की मौत हुई है। मामले में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version