अम्बेडकर नगर। स्कूटी से जा रही महिला से बाइक सवार युवकों ने चेन छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज भी की। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज की मदद से घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली।
आलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिपाह निवासी दिव्यांशु पुत्र बृजेश कुमार ने थाना आलापुर में तहरीर देकर बताया कि उसकी बहन स्कूटी से जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार अज्ञात युवकों ने उसके गले में पहनी चेन छीनने का प्रयास किया और अभद्रता की।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सचिन यादव पुत्र शिवपूजन यादव, निवासी थाना जहांगीरगंज, तथा एक बाल अपचारी को घटना में प्रयुक्त बाइक के साथ हिरासत में लिया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।