जलालपुर, अंबेडकर नगर। घर के बगल में कथित रूप से गांजा बेचने और दुकान का बोर्ड लगाने की बात कहने पर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। घटना में दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आई हैं। मामले में दोनों पक्षों ने जलालपुर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मामला जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के रूकूनपुर कासिमपुर गांव का है। गांव निवासी रमाशंकर यादव ने पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि उनके घर के बगल रहने वाले संतराम यादव कथित रूप से गांजा बेचते हैं। उनके अनुसार, संतराम का मकान बंद होने पर गांजा खरीदने आने वाले लोग अक्सर उनके घर पहुंच जाते हैं, जिससे परिवार को असुविधा होती है।
रमाशंकर यादव का कहना है कि उन्होंने संतराम यादव से अपने घर के सामने दुकान का बोर्ड लगाने की बात कही थी, जिससे लोग सही स्थान पर पहुंच सकें। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर संतराम यादव तथा अन्य लोगों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी, जिसमें उनके परिवार के सदस्यों को चोटें आईं।
वहीं, इस घटना में दूसरे पक्ष के लोगों के भी घायल होने की सूचना है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि संबंधित व्यक्ति के पास कोई वैध लाइसेंस नहीं है और वह अवैध रूप से गांजा बेचने का कार्य करता है। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
इस संबंध में जलालपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप यादव ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है तथा घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है। जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।