Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर शाम होते ही अंधेरे में डूब जाता है पदुमपुर बाजार

शाम होते ही अंधेरे में डूब जाता है पदुमपुर बाजार

0

आलापुर, अंबेडकर नगर। आलापुर विधानसभा क्षेत्र का प्रमुख और व्यस्ततम पदुमपुर बाजार शाम होते ही अंधेरे में डूब जाता है। बाजार में रोशनी के लिए विधायक निधि से लगाई गई हाईमास्ट लाइट लंबे समय से खराब पड़ी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लाइट लगने के कुछ दिन बाद ही खराब हो गई थी। कई बार शिकायत के बावजूद जिम्मेदारों की ओर से इसे ठीक कराने की पहल नहीं की गई।

बाजारों में आने-जाने वाले दुकानदारों और राहगीरों की सुविधा के लिए विधायक निधि से विभिन्न स्थानों पर हाईमास्ट लाइट लगाई गई हैं। पदुमपुर बाजार में भी ऐसी ही लाइट लगाई गई थी। इसके जलने से दुकानदारों को शाम के समय काफी सुविधा मिलती थी, लेकिन खराब होने के बाद स्थिति बदल गई है।

स्थानीय दुकानदारों के अनुसार शाम होते ही बाजार में अंधेरा छा जाने से दुकानदारी प्रभावित होती है। यही नहीं, पदुमपुर बाजार से प्रतिदिन सैकड़ों लोग बस पकड़ने के लिए आते-जाते हैं। सुबह छात्र-छात्राएं लखनऊ और प्रयागराज जाने के लिए यहां से बस पकड़ते हैं। ऐसे में अंधेरे के कारण राहगीरों और यात्रियों को परेशानी होती है तथा अनहोनी की आशंका भी बनी रहती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित जिम्मेदारों से हाईमास्ट लाइट ठीक कराने की मांग की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इस संबंध में स्थानीय विधायक से भी शिकायत की गई। बताया जाता है कि विधायक ने समस्या को दिखवाने का आश्वासन दिया है।

ग्रामीणों और दुकानदारों ने जिम्मेदार अधिकारियों से बाजार में खराब पड़ी हाईमास्ट लाइट को शीघ्र ठीक कराने की मांग की है, ताकि शाम के समय बाजार में रोशनी की व्यवस्था बहाल हो सके।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version