◆ पचास मीटर के मुकाबले में हरियाणा के सोनू व मणिपुर की रोजिना को स्वर्ण
◆ तीस मीटर की प्रतिस्पर्धा में मणिपुर के शिल्हेइबा व केरल की ऐश्वर्या ने स्वर्ण पर निशाना साधा
अयोध्या। भारतीय तीरंदाजी संघ और उत्तर प्रदेश तीरंदाजी संघ के संयुक्त तत्वावधान में 30 वीं राष्ट्रीय सीनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता के तहत राजकीय इंटर कालेज के मैदान पर चल रही स्पर्धाओं में मंगलवार को चौथे दिन भारतीय धनुष से तीरंदाजी करने वाले धनुर्धरों के बीच कड़ा मुकाबला चला। दिन साफ होने से तीरंदाजों को अधिक कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ा। हवा ने भी उनका साथ दिया। इंडियन राउंड के मुकाबलों में विजेता प्रतिभागियों को पदक वितरण किया गया। 43 वीं सीनियर रिकर्व चैंपियनशिप तथा 19वीं सीनियर कंपाउंड राष्ट्रीय चैंपियनशिप का अंतिम मुकाबला बुधवार को अयोध्या में सरयू तट पर स्थित राम की पैड़ी में दोपहर डेढ़ बजे से होगा।
मंगलवार को विजेता तीरंदाजों को पदक वितरण भारतीय तीरंदाजी संघ के महासचिव प्रमोद कुमार चंद्रूलकर, उत्तर प्रदेश तीरंदाजी संघ के महासचिव अजय कुमार, भारतीय तीरंदाजी संघ के कोषाध्यक्ष राजेंद्र सिंह तोमर, सिक्किम के सचिव केपी गुरुंग, पंजाब के अध्यक्ष आरके बाली, भारतीय तीरंदाजी संघ के प्रतियोगिता निदेशक रुपेशकर, चंडीगढ़ एसोसिएशन के सचिव अंगुम असूरी, भारतीय ओलंपिक संघ की सदस्य डोला बनर्जी और बिहार तीरंदाजी संघ के सचिव मनोज कुमार के साथ ही अयोध्या के पुलिस क्षेत्राधिकारी मधुबन कुमार सिंह ने किया।
