◆ 28 और 29 नवंबरकोविशेषअभियान, बूथोंपरसुबह 10 सेशामचारबजेतकमौजूदरहेंगेबीएलओ
अयोध्या । विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने और पात्र नागरिकों का नाम शामिल कराने के लिए निर्वाचन आयोग ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, संशोधन और नाम हटाने से संबंधित प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की निर्वाचक नामावली का आलेख्य प्रकाशन 17 नवंबर को किया जा चुका है। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए दावे और आपत्तियां 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक प्राप्त की जाएंगी। इसके लिए 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन दोनों दिनों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने मतदेय स्थलों पर सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक उपस्थित रहेंगे। उनके पास प्रपत्र-6, 7 और 8 पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहेंगे।
उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे और मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि न हो। इसके लिए बीएलओ, सुपरवाइजर, एईआरओ और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है। मतदाता सूची में डुप्लीकेट नाम, अस्पष्ट फोटो, नाम एवं पिता के नाम की गलत प्रविष्टि, गलत जन्मतिथि तथा शून्य मकान नंबर जैसी त्रुटियों को दूर करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
ऑनलाइनभीकरसकतेहैंआवेदन
मतदाता सूची में नया नाम शामिल कराने के लिए प्रपत्र-6 भरना होगा। आवेदन के साथ सफेद पृष्ठभूमि वाली नवीनतम रंगीन पासपोर्ट आकार की फोटो लगानी होगी, जिसमें चेहरा सामने से स्पष्ट दिखाई दे। फोटो का आकार 4.5×3.5 सेंटीमीटर होना चाहिए। आवेदकों को अपना पूरा पता और मोबाइल नंबर भी सही-सही दर्ज करना होगा। इसके अलावा भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in तथा ECINET ऐप के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन चार जनवरी 2027 को होगा। एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं और महिलाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए विशेष प्रयास करने की अपेक्षा की गई।
निर्वाचनआयोगकीवेबसाइटपरउपलब्धरहेंगीसूचियां
बैठक में बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रतिदिन एनआईसी अयोध्या के डीईओ पोर्टल पर प्रपत्र-9, 10, 11, 11ए और 11बी अपलोड किए जा रहे हैं। इनमें प्रपत्र-9 के माध्यम से प्राप्त प्रपत्र-6 यानी नए मतदाताओं के पंजीकरण की सूची, प्रपत्र-10 में प्रपत्र-7 के जरिए नाम हटाने संबंधी दावे और आपत्तियों की सूची उपलब्ध होगी। प्रपत्र-11 में प्रपत्र-8 के माध्यम से मतदाता सूची की प्रविष्टियों में संशोधन, ईपीआईसी संबंधी बदलाव और दिव्यांगजन चिह्नांकन की जानकारी रहेगी। प्रपत्र-11ए में एक ही विधानसभा क्षेत्र के दूसरे मतदेय स्थल पर नाम स्थानांतरित कराने तथा प्रपत्र-11बी में दूसरी विधानसभा क्षेत्र में स्थानांतरण के आवेदनों की सूची उपलब्ध होगी।
पुनरीक्षण से संबंधित जानकारी अथवा किसी समस्या के समाधान के लिए जिला संपर्क केंद्र के नंबर 1950 और हेल्प डेस्क नंबर 05278-222527 पर संपर्क किया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से विशेष पुनरीक्षण अभियान में सहयोग करने की अपेक्षा की, ताकि अधिक से अधिक पात्र युवा और महिलाएं मतदाता सूची में शामिल हो सकें।
बैठक में बहुजन समाज पार्टी के जिला संयोजक मुस्तफा अली, भारतीय जनता पार्टी के जिला संयोजक सदस्यता अभियान विवेक पांडेय, सीपीआई (एम) की जिला सदस्य रेखा धुरिया, कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष उमेश उपाध्याय, समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अंसार अहमद, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष विधि प्रकोष्ठ सत्य प्रकाश मौर्य एडवोकेट तथा भाजपा के जिला उपाध्यक्ष महानगर अरविंद सिंह उपस्थित रहे।