Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर बकरीद पर शांति-सौहार्द बनाए रखने की अपील, अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी...

बकरीद पर शांति-सौहार्द बनाए रखने की अपील, अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी कड़ी नजर

0

अंबेडकरनगर। आगामी 27 मई को मनाए जाने वाले ईदुज्जुहा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने की। इस दौरान कानून-व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योत्स्ना बंधु तथा अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी एवं पश्चिमी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने नगर निकायों, अधिशासी अधिकारियों एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि मस्जिदों, ईदगाहों एवं नमाज स्थलों के आसपास विशेष साफ-सफाई कराई जाए। कुर्बानी के बाद अवशेषों का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के साथ चूना और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जाए, ताकि संक्रमण फैलने की आशंका न रहे।
उन्होंने विद्युत विभाग को पर्व के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा जर्जर और झूलते तारों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। वहीं मुख्य चिकित्साधिकारी को अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर पर्याप्त दवाएं उपलब्ध रखने तथा एंबुलेंस सेवाओं को अलर्ट मोड में रखने को कहा गया। अग्निशमन विभाग को संवेदनशील क्षेत्रों में फायर ब्रिगेड की विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सोशल मीडिया पर नजर रखी जाए और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही प्रबुद्धजनों से अपील की कि किसी भी आपत्तिजनक पोस्ट या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन और पुलिस को दें।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में शांति एवं सौहार्द बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शासन की गाइडलाइन का पालन करने की अपील की। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि सभी थानों में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित कर आवश्यक सुझावों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बैठक में अधीक्षण अभियंता विद्युत, समस्त उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और प्रबुद्धजन मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version