अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित लेखपाल भर्ती परीक्षा गुरुवार को जिले के 14 केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने कई परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने राजकीय इंटर कॉलेज अकबरपुर और राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज अकबरपुर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा संचालन एवं निगरानी व्यवस्थाओं की जांच की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा शासन एवं आयोग की मंशानुरूप पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जाए। इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उपजिलाधिकारी अकबरपुर प्रतीक्षा सिंह भी मौजूद रहीं।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने बताया कि जिले के सभी 14 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। उन्होंने बताया कि कुल 5496 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 4670 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 826 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
उन्होंने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नामित मजिस्ट्रेट लगातार भ्रमणशील रहे और सभी केंद्रों की सतत निगरानी की गई। प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं निगरानी के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे परीक्षा बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सकी।