◆ अयोध्या धाम जोनल कार्यालय में महापौर ने किया स्वागत, एमआरएफ सेंटर का लिया जायजा
अयोध्या। रामनगरी में स्वच्छता और कचरा प्रबंधन की व्यवस्थाओं का अध्ययन करने उत्तराखंड के अल्मोड़ा नगर निगम का 21 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को अयोध्या पहुंचा। अल्मोड़ा के महापौर अजय वर्मा के नेतृत्व में पहुंचे दल का अयोध्या नगर निगम कार्यालय में महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने भगवान श्रीराम की प्रतिमा और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।
प्रतिनिधिमंडल में पार्षद धीरज पांडेय, राकेश पंत, प्रभारी सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल सहित नगर निगम के अधिकारी शामिल रहे। इस दौरान अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव, सहायक नगर आयुक्त गुरुप्रसाद पांडेय समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
दल ने अयोध्या नगर निगम की ओर से संचालित स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने मऊशिवाला और काशीराम कॉलोनी स्थित मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर का भ्रमण किया। यहां अधिकारियों ने कचरे के संग्रहण, पृथक्करण, प्रसंस्करण और निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
प्रतिनिधिमंडल ने अयोध्या में कचरा प्रबंधन को लेकर अपनाई जा रही कार्यप्रणाली और स्वच्छता व्यवस्था को भी समझा। इसके अलावा दल के सदस्यों ने श्रीराम मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन किया। वैक्स म्यूजियम पहुंचकर मोम से निर्मित रामगाथा से जुड़ी प्रतिमाओं का भी अवलोकन किया।
अल्मोड़ा नगर निगम के प्रतिनिधियों ने अयोध्या में स्वच्छता और कचरा प्रबंधन को लेकर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली और विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।