Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर मानकविहीन सड़क निर्माण का आरोप, युवा भाजपा नेता ने की शिकायत

मानकविहीन सड़क निर्माण का आरोप, युवा भाजपा नेता ने की शिकायत

0

अम्बेडकर नगर। कटेहरी क्षेत्र के गोपालपुर सूरजपुर में जिला पंचायत से बन रही सड़क को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। क्षेत्रीय लोगों के साथ युवा भाजपा नेता व सामाजिक कार्यकर्ता विकास सिंह उर्फ बिक्की ने सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बिना आवश्यक साफ-सफाई और तैयारी के ही सड़क का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे कार्य की गुणवत्ता पर प्रश्नचिह्न लग गया है।

शनिवार को निर्माण स्थल पर पहुंचे युवा भाजपा नेता ने बताया कि सड़क निर्माण से पूर्व न तो पुरानी सतह की विधिवत सफाई की गई और न ही मानक के अनुसार आधार तैयार किया गया। इसके बावजूद आनन-फानन में सड़क बिछाने का कार्य शुरू कर दिया गया। आरोप है कि शिकायत के बाद भी कार्य में कोई सुधार नहीं किया गया, बल्कि रात के समय घने कोहरे के बीच भी निर्माण कार्य चलता रहा।

विकास सिंह ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में संबंधित विभागीय अधिकारियों से शिकायत की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निगरानी करने वाले जिम्मेदार अधिकारी मौन बने हुए हैं, जिससे ठेकेदार के हौसले बुलंद हैं।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यदि इसी तरह मानकविहीन सड़क का निर्माण कराया गया तो कुछ ही समय में सड़क उखड़ जाएगी और सरकारी धन का दुरुपयोग होगा। ग्रामीणों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराए जाने की मांग की है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version