अयोध्या । सोहावल तहसील अंतर्गत बड़ागांव स्थित हनुमान मंदिर के पीछे की खाली भूमि पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। मंदिर के पुजारी अखंड नाथ अघोरी ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग दबंगई के बल पर मंदिर के पीछे स्थित तालाब की जमीन को पाटकर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विरोध करने पर मारपीट और धमकी देने जैसी स्थिति उत्पन्न हो रही है। पुजारी के अनुसार प्रदेश सरकार जहां एक ओर तालाबों और सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण एवं संरक्षण के लिए अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर बड़ागांव में खुलेआम सरकारी एवं धार्मिक स्थल से जुड़ी भूमि पर कब्जा किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय स्तर पर शिकायत के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।अखंड नाथ अघोरी ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक तथा जिलाधिकारी अयोध्या को पत्र भेजकर मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से तालाब एवं मंदिर परिसर की भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की अपील की है।