Friday, November 20, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याआकाश आनंद कल अयोध्या में करेंगे बसपा की विशाल जनसभा को संबोधित,...

आकाश आनंद कल अयोध्या में करेंगे बसपा की विशाल जनसभा को संबोधित, चुनावी तैयारियों को देंगे धार


◆ सोहावल के पंडितपुर में आयोजित होगी जनसभा, बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में जुटेंगे कार्यकर्ता


◆ प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल बोले- किसी दल से नहीं, जनता से होगा गठबंधन


अयोध्या। विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बहुजन समाज पार्टी अयोध्या में अपनी ताकत दिखाने की तैयारी में है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद 20 नवंबर को सोहावल क्षेत्र के पंडितपुर में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आयोजित इस जनसभा के जरिए बसपा चुनावी अभियान को गति देने और कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कोशिश करेगी।

आकाश आनंद सुबह 11 बजे महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल और पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू उनका स्वागत करेंगे। जनसभा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

जनसभा को लेकर प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल और पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में बसपा प्रदेश में सरकार बनाएगी। बीकापुर विधानसभा सीट से पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू को पार्टी का प्रत्याशी बनाए जाने की भी चर्चा है। जनसभा के बाद अयोध्या की चारों विधानसभा सीटों के प्रत्याशियों की घोषणा के संकेत भी दिए गए हैं।

भाजपा की ओर से अयोध्या के बाद मथुरा को राजनीतिक मुद्दा बनाए जाने के सवाल पर विश्वनाथ पाल ने कहा कि भाजपा धर्म की राजनीति करती है, जबकि बसपा जनता से जुड़े मुद्दों की राजनीति करती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बसपा किसी भी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी, बल्कि उसका गठबंधन जनता के साथ होगा। जनसभा को लेकर बसपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है। पार्टी इसे आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण आयोजन मान रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments