Friday, November 20, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याचौदहकोसी के बाद अब पंचकोसी परिक्रमा में उमड़ेगा आस्था का सैलाब

चौदहकोसी के बाद अब पंचकोसी परिक्रमा में उमड़ेगा आस्था का सैलाब


◆ शुक्रवार भोर में करीब तीन बजे शुरू होगी पंचकोसी परिक्रमा


◆ चौदहकोसी परिक्रमा करने के बाद भी बड़ी संख्या में अयोध्या में रुके हैं श्रद्धालु


◆ यातायात व्यवस्था के लिए 16 स्थानों पर बैरियर और 14 पार्किंग स्थल निर्धारित


अयोध्या। चौदहकोसी परिक्रमा पूरी होने के बाद अब रामनगरी में पंचकोसी परिक्रमा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार की भोर में करीब तीन बजे से श्रद्धालु पंचकोसी परिक्रमा पर निकलेंगे। चौदहकोसी परिक्रमा में शामिल होने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से आए बड़ी संख्या में श्रद्धालु अभी अयोध्या में ही ठहरे हुए हैं। अब ये श्रद्धालु पंचकोसी परिक्रमा भी करेंगे। इसके साथ ही स्थानीय श्रद्धालुओं की भी बड़ी भागीदारी रहने की संभावना है।

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए हैं। परिक्रमा मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी की जाएगी। इसके लिए कंट्रोल रूम को भी सक्रिय रखा गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था की गई है।


शाम छह बजे से लागू हुआ यातायात डायवर्जन


पंचकोसी परिक्रमा को देखते हुए 19 नवंबर की शाम छह बजे से यातायात डायवर्जन लागू कर दिया गया है। यह व्यवस्था परिक्रमा और भीड़ समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी। लकड़मंडी चौराहा, दुर्गागंज माझा, साकेत पेट्रोल पंप, हनुमानगुफा चौराहा, गांधी आश्रम, बालू घाट, आसिफबाग, बूथ नंबर चार, महोबरा फ्लाईओवर, टेढ़ी बाजार, उदया चौराहा, बेनीगंज, गैस गोदाम और कटरा तिराहे सहित प्रमुख स्थानों पर बैरियर लगाए गए हैं। परिक्रमा मार्ग की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।


पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जाएंगे गोंडा और बस्ती के वाहन


यातायात पुलिस ने बाहरी जिलों से आने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। गोंडा और बस्ती से लखनऊ जाने वाले वाहनों को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करना होगा। इसी तरह लखनऊ और बाराबंकी से गोंडा-बस्ती की ओर जाने वाले वाहन भी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से गुजरेंगे।

वाहनों की पार्किंग के लिए फटिकशिला आश्रम के पास, साकेत पुल, बैकुंठ धाम, महर्षि महेश योगी रामायण विश्वविद्यालय परिसर, बालू घाट मल्टीलेवल पार्किंग, साथी तिराहा फ्लाईओवर और आसिफबाग फ्लाईओवर सहित 14 स्थान चिह्नित किए गए हैं।


चौदहकोसी परिक्रमा के बाद भी अयोध्या में रुके श्रद्धालु


चौदहकोसी परिक्रमा पूरी करने के बाद अयोध्या में रुके श्रद्धालु अब पंचकोसी परिक्रमा की तैयारी में जुटे हैं। सुल्तानपुर निवासी रामकुमार यादव ने बताया कि उन्होंने रात में चौदहकोसी परिक्रमा पूरी की। रास्ते में पेयजल और प्रकाश की अच्छी व्यवस्था रही। प्रशासन की व्यवस्था से संतुष्ट होकर उन्होंने पंचकोसी परिक्रमा के लिए भी अयोध्या में रुकने का निर्णय लिया। गोंडा निवासी शांति देवी ने बताया कि वह तीन दिनों से अयोध्या में हैं। चौदहकोसी परिक्रमा के दौरान उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई। पुलिसकर्मियों ने भी सहयोग किया और स्वास्थ्य शिविर में पैर का उपचार कराया। अब वह पंचकोसी परिक्रमा करेंगी।


15 से 16 किलोमीटर की होती है पंचकोसी परिक्रमा


पंचकोसी परिक्रमा अयोध्या की प्रमुख धार्मिक परंपराओं में शामिल है। इसकी लंबाई करीब 15 से 16 किलोमीटर मानी जाती है। कार्तिक मास में इस परिक्रमा का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि पंचकोसी परिक्रमा करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। श्रद्धालु सरयू में स्नान और संकल्प के बाद परिक्रमा शुरू करते हैं। परिक्रमा मार्ग अयोध्या के प्रमुख मंदिरों, घाटों और धार्मिक स्थलों से होकर गुजरता है। श्रद्धालु अपनी सुविधानुसार परिक्रमा शुरू करते हैं और उसी स्थान पर वापस पहुंचकर इसे पूर्ण करते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments