Friday, November 13, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगर10 लाख लेने के बाद भी 12 लाख और स्कूटी की मांग,...

10 लाख लेने के बाद भी 12 लाख और स्कूटी की मांग, महिला पर धमकी देने का आरोप


जलालपुर, अम्बेडकर नगर। दस लाख रुपये लेने के बाद भी एक महिला पर 12 लाख रुपये और स्कूटी की मांग करने तथा मांग पूरी न होने पर दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगा है। मामले में पीड़िता की शिकायत पर जलालपुर पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ जबरन वसूली की धारा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जलालपुर थाना क्षेत्र के उफरौली गांव निवासी विभा चौधरी जनपद चिकित्सालय में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। उनके पति उपेंद्र कुमार जलालपुर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय करौंदी में सहायक अध्यापक हैं। पुलिस को दी गई तहरीर में विभा ने आरोप लगाया है कि उनके पति की मुलाकात वर्ष 2022 में आजमगढ़ जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र निवासी महिमा सिंह से हुई थी। इसके बाद महिमा ने पारिवारिक परिस्थितियों का हवाला देकर उनके पति से नजदीकियां बढ़ाईं और उनके खाते में मौजूद रुपये भी निकाल लिए।

विभा के मुताबिक, जानकारी होने पर उन्होंने महिमा से अपने परिवार के साथ रहने की बात कही तो उसने दस लाख रुपये देने पर वहां से चले जाने की बात कही। इसके बाद उन्होंने नौ लाख रुपये का पर्सनल लोन लेकर और एक लाख रुपये नकद मिलाकर कुल दस लाख रुपये चेक के माध्यम से 14 अक्टूबर को महिमा को दिए। इसके लिए शपथपत्र पर समझौता भी कराया गया था।

आरोप है कि 24 अक्टूबर को महिमा ने मैसेंजर के जरिए उनके पति को संदेश भेजकर 12 लाख रुपये और एक स्कूटी की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने और नौकरी छीनने की धमकी दी। पीड़िता ने संदेशों को साक्ष्य बताते हुए पुलिस से कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की। कोतवाल अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments