Monday, September 28, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याजनसुनवाई में शिकायतों का निस्तारण, कोटेदार का अनुबंध निरस्त से लेकर अतिक्रमण...

जनसुनवाई में शिकायतों का निस्तारण, कोटेदार का अनुबंध निरस्त से लेकर अतिक्रमण हटाने तक की कार्रवाई


अयोध्या। जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों पर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के निर्देश के बाद संबंधित विभागों ने निस्तारण कराया। शिकायतों की जांच के बाद बीकापुर में कोटेदार का अनुबंध निरस्त किया गया, जबकि विभिन्न तहसीलों में सरकारी भूमि, सिंचाई नाली और श्मशान भूमि से अतिक्रमण हटाया गया। इसके अलावा सीवर चेंबर पर ढक्कन लगाने, विद्युत पोल व ट्रांसफार्मर शिफ्ट करने और लटकते तारों को व्यवस्थित करने जैसी समस्याओं का भी समाधान कराया गया।

बीकापुर तहसील के साल्हीपुर निवासी की कोटेदार के खिलाफ शिकायत की जांच पूर्ति निरीक्षक हरिंग्टनगंज से कराई गई। जांच में अनियमितता मिलने के बाद उचित दर विक्रेता धनंजय सिंह की दुकान का अनुबंध पत्र निलंबित कर स्पष्टीकरण मांगा गया था। स्पष्टीकरण के परीक्षण के बाद अनुबंध पत्र निरस्त कर दिया गया।

सदर तहसील की प्रभाकर नगर कॉलोनी में सीवर लाइन के खुले गड्ढे की शिकायत पर जल निगम (नगरीय) ने हाउस कनेक्टिंग चेंबर का निर्माण कर ढक्कन लगवाया। बीकापुर के अचनकापुर घूरीटीकर में सार्वजनिक भूमि पर कब्जे की शिकायत पर पैमाइश कर राजस्व टीम, ग्राम प्रधान और सचिव की मौजूदगी में नाली निकासी की समस्या का समाधान कराया गया।

मिल्कीपुर तहसील के पंडुकिया गांव में एसडीएम के आदेश के अनुपालन से संबंधित शिकायत की जांच में मामला दीवानी न्यायालय में विचाराधीन मिला। न्यायालय से आच्छादित हिस्से को छोड़कर शेष भाग में विपक्षी द्वारा बंद की गई नाली को राजस्व और पुलिस टीम की मौजूदगी में खुलवाया गया।

तारुन थाना क्षेत्र के ककोली में मकान व दुकान के पास सूखे अर्जुन के पेड़ को हटाने की शिकायत पर विद्युत तार हटवाने के बाद पेड़ कटवाया गया। वहीं रा.डा. बृजकिशोर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के सामने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत पर तहसील सदर और लोक निर्माण विभाग की टीम ने सड़क की पटरी पर रखा टिनशेड हटवाया।

बीकापुर के धनेथुआ में खेत में लगे विद्युत ट्रांसफार्मर और डबल पोल को विद्युत विभाग ने सड़क किनारे शिफ्ट कराया। रुदौली के कछौली गांव में सरकारी सिंचाई नाली पर कब्जे की शिकायत पर राजस्व टीम और पुलिस की मौजूदगी में सीमांकन एवं निशानदेही कराकर अतिक्रमण हटवाया गया।

मिर्जापुर समसुद्दीनपुर में चकमार्ग की पैमाइश के बाद कम चौड़ाई में सड़क निर्माण की शिकायत पर नगर निगम ने स्थल निरीक्षण कराया और चयनित स्थल पर सड़क एवं नाली निर्माण पूरा कराया। देवकाली रोड की कर निर्धारण संबंधी शिकायत में नगर निगम ने अभिलेखों की जांच कर शिकायतकर्ता को कर निर्धारण सूची और भवन संख्या से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई।

दोस्तपुर, पूराकलंदर क्षेत्र में गाटा संख्या 432/0.654 हेक्टेयर से संबंधित शिकायत पर एसडीएम बीकापुर और थाना प्रभारी ने राजस्व संहिता की धारा 24 के तहत पारित आदेश के क्रम में मौके पर खूंटा गड़वाया। शिकायतकर्ता ने इस पर संतोष जताया।

सोहावल के डड़वा गांव में विद्युत विभाग से जुड़ी शिकायत पर स्थलीय जांच के दौरान पेड़ की खतरनाक टहनी और डाल हटवाई गई तथा विद्युत तार को खंभे से व्यवस्थित कराकर आपूर्ति बहाल कराई गई। बीकापुर के परूवा बसंतपुर में लटकते एलटी विद्युत तारों को भी व्यवस्थित कराया गया।

मिल्कीपुर के हिसामुद्दीनपुर में आश्रय उपलब्ध कराने की शिकायत पर जिला प्रोबेशन अधिकारी ने संबंधित थाना अध्यक्ष और नायब तहसीलदार के सहयोग से शिकायतकर्ता को उपयुक्त आवास उपलब्ध कराया। सोहावल के कैल गांव में अंश निर्धारण से संबंधित शिकायत पर राजस्व अभिलेखों की जांच के बाद खातेदारों की सहमति के आधार पर त्रुटिपूर्ण अंश संशोधन को दुरुस्त किया गया।

मिल्कीपुर के ईंटगांव में श्मशान भूमि पर कब्जे की शिकायत की जांच में भूमि श्मशान के खाते में दर्ज मिली। राजस्व टीम ने ग्राम प्रधान की मौजूदगी में तारबंदी हटवाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। भूमि के उत्तर दिशा में लगे खंभे को भी हटवाया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments