अंबेडकर नगर। कोतवाली क्षेत्र के नगपुर अहियापुर गांव में एक युवक द्वारा नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मामला प्रकाश में आया है। किशोरी की मां ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता के अनुसार, बीते मंगलवार को वह किसी कार्य से बाजार गई थीं। इस दौरान उनकी 16 वर्षीय पुत्री घर पर अकेली थी। तभी मोहल्ले के ही निवासी शिवम पुत्र संतोष कुमार गुप्ता, जो पहले से मोबाइल पर बातचीत करता था, मौके का फायदा उठाकर किशोरी को अपने साथ ले गया।
आरोप है कि किशोरी अपने साथ सोने की बाली, अंगूठी, मांगटीका, चांदी की दो जोड़ पायल और बीस हजार रुपये नकद भी लेकर चली गई। जब परिजनों ने आरोपी के घर जाकर आपत्ति जताई तो आरोपी और उसके परिजनों ने गाली-गलौज, मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता ने पुलिस से अपनी बेटी की सकुशल बरामदगी, साथ ही गहनों व नकदी की वापसी की मांग की है। इस संबंध में कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है।