जलालपुर, अंबेडकर नगर। नगर पालिका परिषद जलालपुर ने नगर क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर बड़ी पहल की है। नागरिकों की सुविधा, सुरक्षा और मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है, जिन पर जल्द ही कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
नगर पालिका द्वारा जमालपुर चौराहे से बड़े पुल के पास स्थित पुराने चुंगी भवन को ध्वस्त कर लगभग 51.41 लाख रुपये की लागत से आधुनिक पुलिस बूथ का निर्माण कराया जाएगा। इस पुलिस बूथ के बनने से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और राहगीरों, व्यापारियों व स्थानीय लोगों को त्वरित पुलिस सहायता मिल सकेगी।
इसी क्रम में बाजितपुर के बहरवा गांव के पास स्थित घाट पर करीब 41.12 लाख रुपये की लागत से एक भव्य अंत्येष्टि स्थल का निर्माण प्रस्तावित है। यहां शवों के दाह संस्कार के लिए टीन शेड, आकर्षक प्रवेश द्वार और शोकाकुल परिजनों के बैठने की समुचित व्यवस्था की जाएगी, जिससे अंतिम संस्कार के दौरान लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके अलावा नगर क्षेत्र के बच्चों और युवाओं के लिए बाजितपुर बहरवा तार के पास लगभग 71 लाख रुपये की लागत से एक आधुनिक पार्क विकसित किया जाएगा। पार्क में बच्चों के लिए झूले व खेल उपकरण, जबकि युवाओं के लिए ओपन जिम की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे लोगों को सुबह-शाम टहलने, व्यायाम करने और बच्चों को खेलने के लिए सुरक्षित स्थान मिल सकेगा।
इन विकास योजनाओं को लेकर नगरवासियों में खासा उत्साह है। लोगों का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से जहां एक ओर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ होगी, वहीं दूसरी ओर सामाजिक व मनोरंजन से जुड़ी सुविधाओं में भी इजाफा होगा, जिससे नगर का समग्र विकास सुनिश्चित हो सकेगा।