◆ भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर बनेंगे आधुनिक टॉयलेट कॉम्प्लेक्स, रोजाना 600 से 1,000 लोगों को मिलेगा लाभ
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में श्रद्धालुओं और आम लोगों को स्वच्छ, सुलभ और गरिमापूर्ण स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। भारतीय स्टेट बैंक की समूह कंपनी SBICAP Securities Limited ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) कार्यक्रम के तहत सुलभ इंटरनेशनल सोशल सर्विस ऑर्गनाइजेशन (SISSO) के साथ साझेदारी की है।
इस पहल के तहत अयोध्या के अधिक भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर आधुनिक सुलभ टॉयलेट कॉम्प्लेक्स स्थापित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य ऐसे स्थानों पर स्वच्छता सुविधाओं को मजबूत करना है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं।
प्रत्येक परिसर से प्रतिदिन करीब 600 से 1,000 लोगों को सुविधा मिलने की संभावना है। इनमें महिलाएं, पुरुष, बच्चे, वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांगजन शामिल होंगे। सुविधाओं की नियमित निगरानी के साथ दिन में तीन बार सफाई की व्यवस्था की जाएगी।
SBICAP Securities Limited के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ बलदेव प्रकाश ने कहा कि सुरक्षित और गरिमापूर्ण स्वच्छता सुविधाओं तक पहुंच प्रत्येक समुदाय के कल्याण के लिए आवश्यक है। CSR के माध्यम से सार्थक और टिकाऊ सामाजिक प्रभाव पैदा करने के उद्देश्य से अयोध्या की इस पहल में योगदान दिया जा रहा है।
SISSO की सीनियर वीपी डॉ. लिली गुप्ता और मानद नियंत्रक (उत्तर प्रदेश शाखा) फतेह बहादुर सिंह ने कहा कि स्वच्छता केवल शौचालय निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वस्थ समाज और प्रत्येक व्यक्ति की गरिमा से जुड़ा विषय है। महिलाओं, बच्चों और युवाओं पर विशेष ध्यान देते हुए स्वच्छता संबंधी व्यवहार में स्थायी बदलाव लाने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे।
यह पहल स्वच्छ भारत अभियान के उद्देश्यों के साथ संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्य-6 (स्वच्छ जल एवं स्वच्छता) के अनुरूप है। इसके तहत लोगों को स्वच्छता और हाइजीन के प्रति जागरूक करने के साथ खुले में शौच को हतोत्साहित करने और जिम्मेदार स्वच्छता व्यवहार को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जाएगा।