Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर माइनर कटने से खेतों में घुसा पानी, समय रहते पहुंचा नहर विभाग,...

माइनर कटने से खेतों में घुसा पानी, समय रहते पहुंचा नहर विभाग, किसानों की बची फसल

0

अम्बेडकर नगर। अकबरपुर थाना क्षेत्र के सीहमई कारीरात गांव के निकट शारदा सहायक नहर से निकली माइनर शनिवार की सुबह अचानक कट जाने से आसपास के खेतों में पानी तेजी से घुस गया। पानी का बहाव इतना तेज था कि देखते ही देखते दर्जनों बीघे खेत जलमग्न हो गए। घटना से किसानों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीण तत्काल मौके पर जुटे और किसी तरह स्थिति को संभालने की कोशिश करने लगे।

 स्थानीय किसानों ने उप जिलाधिकारी तथा नहर विभाग को अवगत कराया। थोड़ी ही देर में नहर विभाग के कर्मचारी जेसीबी मशीन लेकर मौके पर पहुंचे। विभागीय टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद कटान को रोकने में सफलता हासिल की और बहते पानी को नियंत्रित किया।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि विभाग समय पर नहीं पहुंचता तो स्थिति और भयावह हो सकती थी। लगभग चालीस बीघे में बोई गई खरीफ फसलों को पानी से नुकसान पहुंचने लगा था। हालांकि तत्काल बचाव कार्य शुरू कर दिए जाने से बड़ी तबाही टल गई। किसानों का कहना है कि इस समय फसलें बढ़वार के दौर में हैं, ऐसे में पानी भरने से पूरी मेहनत पर पानी फिर सकता था। विभाग की त्वरित कार्रवाई से उन्हें राहत मिली है। ग्रामीणों ने मांग की है कि नहरों और माइनरों की नियमित देखरेख की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version