अयोध्या। आगामी नववर्ष 2026 के दृष्टिगत नगर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक नगर चक्रपाणि त्रिपाठी की अध्यक्षता में होटल व्यवसायियों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में नववर्ष के दौरान होटलों, रेस्टोरेंट और आयोजन स्थलों पर होने वाले कार्यक्रमों को लेकर आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
गोष्ठी के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर ने होटल व्यवसायियों को निर्देशित किया कि वे अपने प्रतिष्ठानों में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगवाएं तथा उन्हें सुचारु अवस्था में रखें। इसके साथ ही पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने, किसी भी प्रकार के शस्त्र के साथ प्रवेश पर रोक लगाने और कार्यक्रमों को निर्धारित समय सीमा के भीतर समाप्त करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने आयोजनों के दौरान भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
होटल व्यवसायियों की ओर से यह सुझाव रखा गया कि नववर्ष के कार्यक्रमों के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल की आवश्यकता पड़ सकती है। इस पर पुलिस अधीक्षक नगर ने आश्वासन दिया कि सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
बैठक में क्षेत्राधिकारी नगर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर, नगर क्षेत्र के विभिन्न चौकी प्रभारी तथा अनेक होटलों के प्रबंधक और प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी से आपसी समन्वय के साथ नववर्ष के आयोजनों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने की अपील की गई।