Saturday, March 7, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याअटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश को लेकर बैठक, 221 सीटों पर होगा...

अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश को लेकर बैठक, 221 सीटों पर होगा चयन


अयोध्या। अटल आवासीय विद्यालय, अमराई गांव रुदौली में सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया को लेकर मंडल स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रवेश परीक्षा की तैयारी, आवेदन प्रक्रिया और प्रचार-प्रसार की समीक्षा की गई। यह विद्यालय उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड, लखनऊ के अंतर्गत संचालित है। बैठक में बताया गया कि प्रवेश निर्माण श्रमिकों के पंजीकृत बच्चों तथा कोविड के कारण अनाथ हुए और महिला एवं बाल कल्याण विभाग में पंजीकृत अथवा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के पात्र बच्चों के लिए होगा। कक्षा छह में 160 छात्र-छात्राओं (80 बालक व 80 बालिकाएं) और कक्षा नौ में 61 छात्र-छात्राओं (31 बालक व 30 बालिकाएं) का चयन किया जाएगा। इस प्रकार कुल 221 विद्यार्थियों का चयन प्रवेश परीक्षा के माध्यम से किया जाना है।

प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन पत्र ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन की अवधि 1 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 शाम पांच बजे तक निर्धारित की गई है। ऑफलाइन आवेदन उपश्रमायुक्त कार्यालय, अयोध्या क्षेत्र तथा अटल आवासीय विद्यालय, रुदौली में जमा किए जा सकते हैं, जबकि ऑनलाइन आवेदन बीओसी और अटल आवासीय विद्यालय की वेबसाइट के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे।

बैठक में आयुक्त द्वारा निर्देश दिए गए कि अयोध्या मंडल के सभी जिलों में कम से कम 500 आवेदन सुनिश्चित कराने के लिए निर्माण श्रमिकों को प्रोत्साहित किया जाए। साथ ही जन सेवा केंद्रों पर प्रचार सामग्री चस्पा करने और प्रवेश परीक्षा से पूर्व जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि प्रवेश परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा के लिए प्रश्नपत्रों की छपाई, रखरखाव और परीक्षा संचालन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments