Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर कंटेनर में लगी भीषण आग, सात मारुति कारें जलकर खाक, चालक सुरक्षित

कंटेनर में लगी भीषण आग, सात मारुति कारें जलकर खाक, चालक सुरक्षित

0

जैतपुर अंबेडकर नगर। जैतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबरपुर स्थित गोरखपुर एक्सप्रेस-वे टोल प्लाजा के पास देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मारुति कारों से लदे एक कंटेनर में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में कंटेनर पर लदी सभी सात मारुति कारें जलकर पूरी तरह नष्ट हो गईं, हालांकि चालक की सतर्कता से उसकी जान बच गई।

जानकारी के अनुसार कंटेनर गुड़गांव से सात मारुति कारें लोड कर दरभंगा जा रहा था। शुक्रवार देर रात लगभग बारह बजे जैसे ही कंटेनर जैतपुर थाना क्षेत्र के अंबरपुर टोल टैक्स के पास धीमा हुआ, तभी उसमें अचानक आग की लपटें उठने लगीं। आग को देखकर टोल कर्मियों ने तत्काल जैतपुर थाना और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी थीरेंद्र कुमार आज़ाद पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कंटेनर में लदी सभी सात मारुति कारें जलकर राख हो चुकी थीं।

कंटेनर चालक अमीर खान ने बताया कि केबिन में वह अकेला था। आग लगते ही उसने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। चालक ने आशंका जताई कि ब्रेक अधिक गर्म होने के कारण आग लगी होगी। उसने घटना की जानकारी कंपनी को दे दी है।

घटना के बाद कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस की मदद से सुचारु कराया गया। जैतपुर पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version