बसखारी अंबेडकरनगर। गरीब एवं असहाय महिलाओं को रोजगार से जोड़ने की पहल के तहत श्रद्धा यादव की द्वितीय पुण्यतिथि पर निशुल्क सिलाई मशीन वितरण के लिए रविवार को बसखारी स्थित पीके चैरिटेबल ट्रस्ट कार्यालय पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पंजीकरण कराने के लिए महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. शरद यादव व उनके सहयोगियों ने मौके पर मौजूद रहकर पंजीकरण प्रक्रिया की जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान कुल 65 महिलाओं ने सिलाई मशीन प्राप्त करने के लिए अपना रजिस्ट्रेशन कराया।
बताया जाता है कि समाजसेवी डॉ. शरद यादव के नेतृत्व में प्रभावती कैलाश चैरिटेबल ट्रस्ट लगातार सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। ट्रस्ट द्वारा गरीब कन्याओं का विवाह, जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण, स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन सहित कोरोना काल में भी कई सराहनीय कार्य किए गए हैं।
महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में श्रद्धा यादव की विशेष भूमिका रही थी। उनके आकस्मिक निधन के बाद भी ट्रस्ट ने उनके सपनों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया है। प्रथम पुण्यतिथि पर 55 महिलाओं को सिलाई मशीन वितरित की गई थी, जबकि इस बार द्वितीय पुण्यतिथि (28 जून) पर 51 महिलाओं को मशीन देने की योजना बनाई गई है।
ट्रस्ट द्वारा गठित समिति पंजीकरण फार्मों की जांच कर पात्र महिलाओं का चयन करेगी, जिन्हें श्रद्धा यादव की पुण्यतिथि पर निशुल्क सिलाई मशीन वितरित की जाएगी।
इस मौके पर कोषाध्यक्ष जावेद राइन, मो. इरफान, उपाध्यक्ष अमित कुमार, मो. अफताब राइन, शोभाराम यादव, गप्पू चौधरी, निलेश यादव, मोहम्मद अकरम, कुणाल सोनी, रोहित प्रजापति, पवन जायसवाल सहित बड़ी संख्या में महिलाएं व उनके अभिभावक मौजूद रहे।