Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, पिता-पुत्र और मां की दर्दनाक मौत

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, पिता-पुत्र और मां की दर्दनाक मौत

0

◆ दिल्ली से लौट रहा था खुशहाल परिवार, एक झटके में उजड़ गया घर


अंबेडकर नगर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे रविवार की सुबह चीख-पुकार और मातम का गवाह बना, जब दिल्ली से घर लौट रहा एक खुशहाल परिवार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 161 पर अज्ञात ट्रक ने पीछे से ऑल्टो कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि कार में सवार पिता, मासूम बेटे और पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में विजयकुमार यादव (50) पुत्र स्व. भगवान दास, उनके छह वर्षीय पुत्र वीर और पत्नी लक्ष्मी (45) की घटनास्थल पर ही सांसें थम गईं। खुशियों से भरा सफर पल भर में मौत के सफर में बदल गया। वहीं विनय कुमार यादव पुत्र स्व. भगवान दास, उनका 13 वर्षीय पुत्र अंश तथा विजयकुमार की 55 वर्षीय सास गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अकबरपुर व बेवाना थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कार में फंसे शवों और घायलों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। जब तक सभी को बाहर निकाला गया, तब तक पिता-पुत्र और पत्नी की मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में भी परिजनों की चीख-पुकार गूंजती रही। तीन जनाजे एक साथ उठने की खबर से गांव रामपुर गोसाई, थाना बेलघाट, जनपद गोरखपुर में मातम छा गया।

हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम वीर की मौत ने हर आंख नम कर दी। पुलिस अज्ञात ट्रक की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version