अयोध्या। रुदौली तहसील के पूरे मल्लाह, मजरा हंसराजपुर में शुक्रवार देर शाम गैस सिलेंडर की पाइप लीकेज से घर में आग लग गई। आग की लपटों में झुलसकर एक छह माह की नवजात बच्ची की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा अचानक गैस पाइप से रिसाव के बाद तेज धमाके जैसी आवाज के साथ हुआ, जिसके बाद आग कुछ ही मिनटों में मौके पर बने छप्पर की झोपड़ी में फैल गई। हादसे के वक्त परिवार के सदस्य झोपड़ी के पास बैठे हुए थे, लेकिन आग इतनी तेज थी कि वे झोपड़ी में सो रही बच्ची तक नहीं पहुंच सके।
मृत नवजात बच्ची कैलाशा की बेटी थी, जो दो दिन पहले ही परिवार में शादी के सिलसिले में आई थी। हाल ही में रामधन निषाद के बेटे श्यामू की शादी हुई थी और उसी खुशी के माहौल के बीच यह हादसा परिवार पर दुखों का पहाड़ बनकर टूट पड़ा। ग्रामीणों ने मिलकर काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरी झोपड़ी और घर का सामान जलकर खाक हो चुका था। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।