Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर हाईवोल्टेज लाइन की चपेट में आए मजदूर पिता–पुत्र, पिता की मौत, बेटा...

हाईवोल्टेज लाइन की चपेट में आए मजदूर पिता–पुत्र, पिता की मौत, बेटा गंभीर

0
ayodhya samachar

जैतपुर अंबेडकर नगर। थाना जैतपुर क्षेत्र अंतर्गत शेखपुरा पलीवारी गांव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में मजदूर पिता की मौत हो गई, जबकि उनका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शेखपुरा पलीवारी गांव निवासी मजदूर हरिराम निषाद पुत्र सुक्खू अपने पिता 52 वर्षीय सुक्खू पुत्र चौथी के साथ बगल के गांव कटइया जगदीशपुर सरैया निवासी जितेंद्र दुबे पुत्र राम सम्हार दुबे के यहां मकान निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहे थे। निर्माण स्थल पर लोहे की सरिया सीधी करने के दौरान सरिया अचानक ऊपर से गुजर रही हाईवोल्टेज विद्युत लाइन से टकरा गई।

तेज करंट की चपेट में आने से पिता-पुत्र दोनों बुरी तरह झुलस गए। आनन-फानन में ग्रामीण उन्हें निजी चारपहिया वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर नगपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने सुक्खू पुत्र चौथी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल हरिराम निषाद का इलाज जारी है, जिसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही जैतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। थाना अध्यक्ष थीरेन्द्र कुमार आजाद ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची है, आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है।

इस हादसे ने एक बार फिर निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और हाईवोल्टेज लाइनों के नीचे कार्य कराए जाने पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version