अयोध्या। रामनवमी के पावन अवसर पर अयोध्या में श्रद्धालुओं का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। जिला प्रशासन के अनुसार 26 और 27 मार्च को करीब 35 लाख श्रद्धालु रामनगरी पहुंचे। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुण्डे ने बताया कि श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है और व्यवस्थाओं को उसी अनुरूप सुदृढ़ किया गया है।
प्रमुख रूप से राम मंदिर अयोध्या में दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, रामनवमी के दिन दोपहर तक लगभग 3.5 लाख श्रद्धालु रामलला के दर्शन कर चुके थे, जबकि देर रात तक यह संख्या 4 लाख तक पहुंचने का अनुमान है।
पूरे शहर में भक्ति और उत्साह का वातावरण बना हुआ है। मंदिरों, घाटों और प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं की भीड़ दिनभर बनी रही। “जय श्रीराम” के जयघोष से वातावरण गुंजायमान होता रहा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। यातायात नियंत्रण, बैरिकेडिंग, पेयजल, चिकित्सा सेवाओं और सहायता केंद्रों की विशेष व्यवस्था की गई है। साथ ही पुलिस बल और स्वयंसेवकों को तैनात कर भीड़ प्रबंधन को सुचारु बनाया गया है।