जलालपुर, अंबेडकर नगर। चैत्र मास की पावन राम नवमी के अवसर पर जलालपुर नगर शुक्रवार को पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव पर विश्व हिंदू परिषद के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। जय श्रीराम और जय बजरंगबली के गगनभेदी उद्घोष से पूरा नगर गुंजायमान हो उठा।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शोभायात्रा का आयोजन विहिप के जिला अध्यक्ष हृदय मणि मिश्र एवं संरक्षक ओम प्रकाश सिंह के संरक्षण में नगर इकाई द्वारा किया गया। शोभायात्रा का नेतृत्व नगर अध्यक्ष आदित्य मिश्र, नगर मंत्री अंकित यादव तथा बजरंग दल संयोजक सत्यम यादव ने किया। उनके साथ विशाल गौड़, अभिनव मिश्र, पंकज सोनकर, सर्वेश जायसवाल, दिलीप सोनी, सुमित अग्रहरि, वीनू गुप्ता, अमित यादव, अनुभव चौधरी, आलोक यादव और सूरज चौहान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
शोभायात्रा सरस्वती शिशु मंदिर प्रांगण से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद प्रारंभ हुई। यह नगर के प्रमुख मार्गों—मोहल्ला छाछू, सराय चौक, यादव चौराहा, जलालपुर कोतवाली, मुख्य डाकघर, शिवाजी तिराहा और जमालपुर चौराहा—से होते हुए प्राचीन शीतला माता मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान डीजे पर बज रही भक्ति धुनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए, वहीं माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान की आकर्षक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं।
मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं और व्यापारियों ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। नगर के प्रमुख चौराहों पर भारी भीड़ उमड़ी रही और हर ओर भक्ति, उत्साह और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।
राम नवमी का पर्व भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है, जो धर्म, सत्य और मर्यादा के प्रतीक हैं। इस अवसर पर श्रद्धालु व्रत रखकर पूजा-अर्चना करते हैं और उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लेते हैं।
इस मौके पर भाजपा की पूर्व जिला अध्यक्ष राम प्रकाश यादव, मिथिलेश त्रिपाठी, नगर अध्यक्ष संदीप गुप्ता, दिवेश मिश्रा, शिवराम मिश्रा, ग्राम प्रधान दिनेश चौधरी, सभासद अजीत निषाद, आनंद मिश्रा, डॉ. महेंद्र कुमार चौहान, श्याम बाबू चौहान, रिन्नू गुप्ता सहित सैकड़ों रामभक्त मौजूद रहे।