Thursday, November 12, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याहोटल से पांच एसी, पांच टीवी और पांच गीजर चोरी करने वाले...

होटल से पांच एसी, पांच टीवी और पांच गीजर चोरी करने वाले दो गिरफ्तार


◆ करीब पांच लाख रुपये का सामान बरामद, होटल में काम करता था एक आरोपी


◆ परिक्रमा मार्ग स्थित प्रतिष्ठान से चोरी का मामला


अयोध्या। रामनगरी के परिक्रमा मार्ग स्थित एक होटल से पांच एसी, पांच एलईडी टीवी और पांच गीजर चोरी करने के मामले में कोतवाली अयोध्या पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए सभी उपकरण बरामद करने का दावा किया है। बरामद सामान की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों में एक होटल में काम करता था, जिसने अपने साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस के मुताबिक होटल संचालक ने कोतवाली अयोध्या में तहरीर देकर बताया था कि उनके परिक्रमा मार्ग स्थित प्रतिष्ठान से होटल में काम करने वाले राजू पाण्डेय और उसके साथी ने लायड कंपनी के एसी, एलईडी टीवी और गीजर चोरी कर लिए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 854/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(3) में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

गुरुवार को पुलिस टीम ने मौनी बाबा अंडरपास से मदरहिया जाने वाले कच्चे रास्ते पर स्थित एक प्लॉट की बाउंड्री से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पांच हैवल्स ब्रांड लायड एसी, पांच लायड एलईडी टीवी और पांच महाराजा व्हाइटलाइन गीजर बरामद किए गए। बरामदगी के बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विवेक सिंह निवासी शुगर मिल कॉलोनी, मनकापुर रोड, थाना नवाबगंज, जनपद गोंडा और सांवली पाण्डेय उर्फ राजू पाण्डेय निवासी देवाचक गुप्कापुर, थाना फखरपुर, जनपद बहराइच के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार सिंह, उपनिरीक्षक राणा दिग्विजय सिंह, कांस्टेबल ओमबीर सिंह, राजीव रंजन यादव, स्वर्ण कमल कुशवाहा और अजय कुमार यादव शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments