Tuesday, November 10, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरगड्ढे भरने के नाम पर हुई खानापूर्ति, जर्जर सड़क से राहगीर परेशान

गड्ढे भरने के नाम पर हुई खानापूर्ति, जर्जर सड़क से राहगीर परेशान

आलापुर, अंबेडकरनगर। जहांगीरगंज विकासखंड के अंतर्गत देवरिया बाजार से गिरैयाबाजार को जोड़ने वाली प्रधानमंत्री सड़क की बदहाली दूर करने के नाम पर लोक निर्माण विभाग की ओर से महज खानापूर्ति की गई। बीते दिनों सड़क पर बने गड्ढों को भरने के लिए विभागीय कर्मचारियों को लगाया गया था, लेकिन कुछ गड्ढों को भरकर कर्मचारी जिम्मेदारी से इतिश्री कर चले गए। नतीजतन सड़क पर आज भी जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे राहगीरों के लिए मुसीबत बने हुए हैं।
करीब चार किलोमीटर लंबी इस सड़क से प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। लंबे समय से मरम्मत के अभाव में सड़क जर्जर हो चुकी है। विडंबना यह है कि जहां कुछ गड्ढों को भरा गया है, वहीं उनके ठीक बगल में बड़े-बड़े गड्ढे आज भी मौजूद हैं। इससे विभागीय कार्य की गुणवत्ता और जिम्मेदारी पर सवाल उठ रहे हैं।
देवरिया बाजार और आसपास के क्षेत्रों में दर्जनों विद्यालय संचालित हैं। ऐसे में प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरने वाले छात्र-छात्राओं को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। सड़क की स्थिति ऐसी है कि राहगीरों को सफर के दौरान यह समझना मुश्किल हो जाता है कि कहां गड्ढा है और कहां उसकी मरम्मत की गई है।
ग्रामीण संदीप वर्मा, भोला निषाद, शशांकमणि गोंड, पवन तिवारी, शानू मिश्र, दिलीप चौरसिया और टिंकू तिवारी आदि ने संबंधित विभाग से सड़क के सभी गड्ढों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से भरवाने तथा जर्जर सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि अधूरे कार्य से समस्या का समाधान नहीं होगा। सड़क को पूरी तरह दुरुस्त कराया जाए, ताकि राहगीरों और स्कूली बच्चों को राहत मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments