◆ विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 में शत-प्रतिशत पात्र नागरिकों के पंजीकरण पर जोर
◆ बार एसोसिएशन, व्यापारिक संगठनों और नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों का लिया जाएगा सहयोग
◆ औद्योगिक इकाइयों और अपार्टमेंट परिसरों में लगाए जाएंगे विशेष शिविर
अयोध्या। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत जिले में पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में सरकारी विभागों के साथ औद्योगिक संस्थानों, आवासीय सोसाइटियों, अधिवक्ता संगठनों, व्यापारिक संगठनों और नागरिक सुरक्षा संगठनों को भी जोड़ा जाएगा। उद्देश्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में पंजीकरण से वंचित न रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी शशांक त्रिपाठी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विशु राजा ने बताया कि अभियान में सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों (पीएसयू), निजी औद्योगिक संस्थानों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, श्रमिक संगठनों, चिकित्सक संघों, मेडिकल एसोसिएशन, पूर्व एवं वर्तमान पार्षदों, ग्राम प्रधानों, समाजसेवियों और प्रतिष्ठित नागरिकों का सहयोग लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिले के सार्वजनिक और निजी औद्योगिक संस्थानों में बड़ी संख्या में कर्मचारी कार्यरत हैं। ऐसे संस्थानों में शिविर लगाकर पात्र कर्मचारियों का मतदाता सूची में पंजीकरण कराने का प्रयास किया जाएगा।
इसी तरह आवासीय सोसाइटियों, बहुमंजिला अपार्टमेंट और कॉलोनियों में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों के सहयोग से विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से नए आवासीय क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं का पंजीकरण कराने के साथ ही मतदाता सूची में पहले से दर्ज नामों की स्थिति की जांच में भी मदद ली जाएगी।
न्यायालय परिसरों और अधिवक्ता संघ भवनों में जिला बार एसोसिएशन, तहसील बार एसोसिएशन तथा अन्य अधिवक्ता संगठनों के सहयोग से विशेष अभियान चलाया जाएगा। वहीं नागरिक सुरक्षा संगठनों के स्वयंसेवक नगरीय क्षेत्रों, घनी आबादी वाले मोहल्लों और मलिन बस्तियों में ऐसे पात्र नागरिकों को चिह्नित करेंगे, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित संगठनों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और पात्र नागरिकों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित कराने में सहयोग की अपेक्षा की है।