अम्बेडकर नगर। अकबरपुर में निबंधन विभाग के नवनिर्मित भवन का गुरुवार को लोकार्पण किया गया। स्टांप, न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रवीन्द्र जायसवाल ने वर्चुअल माध्यम से सहायक महानिरीक्षक निबंधन कार्यालय और उप निबंधक सदर के नए भवन का उद्घाटन किया। उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड की ओर से निर्मित इस भवन पर 3 करोड़ 55 लाख 76 हजार रुपये खर्च हुए हैं।
नए भवन के निर्माण से निबंधन विभाग के प्रशासनिक कार्यों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्थित कार्यस्थल उपलब्ध होगा। साथ ही जमीन और संपत्ति के पंजीकरण सहित अन्य विभागीय कार्यों के लिए आने वाले लोगों को भी बेहतर वातावरण मिलेगा।