जलालपुर अम्बेडकर नगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के सैरपुर उमरन गांव के पास खजुरी-करौंदी रेलवे क्रासिंग पर शनिवार दोपहर दून एक्सप्रेस ट्रेन के सामने कूदकर जान देने वाले प्रेमी युगल की पहचान हो गई है। दोनों जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के लाभापार गांव के निवासी थे। उनकी पहचान गुंजन पुत्री नंदलाल और चंदन पुत्र गुलाब चंद के रूप में हुई है।आधार कार्ड के अनुसार दोनों की उम्र 17 वर्ष ही है। मगर परिजनों के अनुसार दोनों की उम्र 20 वर्ष के आसपास है। घटना की जानकारी मिलते ही दोनों के परिवारों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर रेलवे क्रासिंग के पास पोल संख्या 890/09 के निकट दोनों ने दून एक्सप्रेस ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। ट्रेन की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद रेलवे ट्रैक के आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची मालीपुर पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास किया। बाद में उनकी शिनाख्त लाभापार गांव निवासी गुंजन और चंदन के रूप में हुई।



