Friday, October 30, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यापांच से छह हजार मेहमानों की मेजबानी करेगा राम की पैड़ी, दीपोत्सव...

पांच से छह हजार मेहमानों की मेजबानी करेगा राम की पैड़ी, दीपोत्सव के लिए बन रहे तीन भव्य मंच


◆ धौलपुर के गुलाबी पत्थरों से संवरेगी राम की पैड़ी, राजस्थानी संस्कृति मंडप बनेंगे सेल्फी प्वाइंट; ड्रोन शो और झांकियां भी होंगी आकर्षण का केंद्र


अयोध्या। रामनगरी में योगी सरकार का दसवां दीपोत्सव सात नवंबर को आयोजित होगा। दीपोत्सव को भव्य और यादगार बनाने के लिए राम की पैड़ी पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस बार आयोजन में पांच से छह हजार अतिथियों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए तीन अलग-अलग मंचों के साथ दर्शकों के बैठने के लिए विशेष ब्लॉक तैयार किए जा रहे हैं। राम की पैड़ी को आकर्षक स्वरूप देने के लिए राजस्थान के धौलपुर के गुलाबी पत्थर बिछाए जा रहे हैं। साथ ही राजस्थानी स्थापत्य कला पर आधारित मंडप भी विकसित किए जा रहे हैं।



वर्ष 2017 में योगी सरकार के गठन के बाद से दीपोत्सव का आयोजन हर साल नए स्वरूप और भव्यता के साथ हो रहा है। इस आयोजन ने अयोध्या को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है। इस बार राम की पैड़ी के सौंदर्यीकरण में धौलपुर के गुलाबी पत्थरों का विशेष इस्तेमाल किया जा रहा है। इन पत्थरों की खासियत है कि समय के साथ घिसने पर इनकी चमक और बढ़ती है। टिकाऊ होने के कारण इनका उपयोग लंबे समय तक किया जा सकता है। राम की पैड़ी पर ऐसे 10 मंडप तैयार किए गए हैं, जिन्हें राजस्थानी संस्कृति और स्थापत्य कला की झलक के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां पर्यटक बैठकर राम की पैड़ी की सुंदरता निहारने के साथ सेल्फी भी ले सकेंगे।

इस बार पिछले वर्ष की तुलना में करीब दो हजार अधिक अतिथियों को आमंत्रित किए जाने की तैयारी है। विभिन्न क्षेत्रों और कई देशों से आने वाले मेहमानों के बैठने के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के साथ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को भी मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।

मुख्यमंत्री और मुख्य अतिथि के लिए 52 गुणे 28 फीट का विशाल मंच बनाया जा रहा है। वहीं 16 गुणे 40 फीट के दूसरे मंच पर साधु-संतों और विशिष्ट अतिथियों के बैठने की व्यवस्था होगी। इसके अलावा अन्य अतिथियों के लिए अलग-अलग ब्लॉक तैयार किए जा रहे हैं। मंच निर्माण में जुटे संजय पाल के मुताबिक, आवश्यकता पड़ने पर मंच का विस्तार भी किया जा सकता है। मंच के समीप रंग-बिरंगी टाइल्स से विशाल अर्धघड़े का निर्माण भी कराया जा रहा है, जो आयोजन की सजावट का हिस्सा होगा।



दीपोत्सव को राज्य मेले का दर्जा प्राप्त है। आयोजन को लेकर राम की पैड़ी पर अलग-अलग थीम के आधार पर सजावट और निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी लगातार तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। उनके अनुसार, निर्माण कार्य लगभग पूरा होने की स्थिति में है। इस बार दीपोत्सव में ड्रोन शो विशेष आकर्षण रहेगा, जबकि रामपथ पर निकलने वाली झांकियां भी दर्शकों को आकर्षित करेंगी। राम की पैड़ी पर भव्य मंच, गुलाबी पत्थरों की आभा और राजस्थानी स्थापत्य का संगम दीपोत्सव की छटा को नया आयाम देने की तैयारी में है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments