अंबेडकरनगर। सेवा संकल्प अभियान के तहत तहसील परिसर भीटी में पोषण जागरूकता रैली निकाली गई। जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और आमजन ने भाग लिया। रैली के माध्यम से संतुलित एवं पौष्टिक आहार अपनाने के साथ स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित लोगों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को पोषण की शपथ दिलाई। चार गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की गई, जबकि बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत सैम/मैम श्रेणी से स्वस्थ हुए तीन बच्चों काव्या, वंश और मो. आकिब को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बच्चों का माल्यार्पण कर मिष्ठान वितरित किया गया। अधिकारियों ने बच्चों के स्वस्थ होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
इसके बाद जिलाधिकारी ने परिसर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टालों का निरीक्षण किया। स्टालों पर स्थानीय खाद्य पदार्थों से तैयार पौष्टिक व्यंजनों और रेसिपी का प्रदर्शन किया गया था। जिलाधिकारी ने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य सामग्री के उपयोग से पौष्टिक और संतुलित भोजन तैयार करने के लिए लोगों को प्रेरित किया।
कार्यक्रम में गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, बच्चों और आमजन को पोषण, स्वच्छता तथा संतुलित आहार के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।