अयोध्या। रानोपाली स्थित उदासीन संगत ऋषि आश्रम में चल रहे गुरु पर्व महोत्सव के समापन समारोह में पांच अक्टूबर को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे। दोनों के दोपहर करीब 12 बजे अयोध्या पहुंचने का कार्यक्रम है। इस दौरान नवनिर्मित श्रीनारायण राम संस्कृत विद्यालय भवन का लोकार्पण किया जाएगा।
कार्यक्रम की शुरुआत आश्रम परिसर में संस्कृत विद्यालय भवन के लोकार्पण से होगी। इसके बाद रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री आश्रम परिसर स्थित महापुरुषों की समाधियों के दर्शन करेंगे। आश्रम के पीठाधीश्वर महंत भरत दास के अनुसार इसके बाद जनसभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें दोनों नेता संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में संत-महात्माओं के अलावा जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
रानोपाली आश्रम में 27 सितंबर से गुरु पर्व महोत्सव चल रहा है। महोत्सव के दौरान श्रीमद्भागवत कथा, संत समागम, भजन-कीर्तन समेत विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पांच अक्टूबर को मुख्य समारोह के साथ महोत्सव का प्रमुख कार्यक्रम आयोजित होगा।
वीआईपी आगमन को लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था
रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री के एक साथ अयोध्या आगमन को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम स्थल और वीआईपी मार्ग का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था के लिए रूट और ड्यूटी प्वाइंट तय किए जा रहे हैं।
प्रशासन की ओर से वीआईपी काफिले के आवागमन के दौरान आम लोगों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए यातायात प्रबंधन की व्यवस्था की जा रही है। कार्यक्रम को लेकर आश्रम परिसर में भी तैयारियां जारी हैं।