Saturday, October 3, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याविद्याभास्कर को वशिष्ठ सम्मान, आयुष्मान फाउंडेशन को मिलेगा बृजनंदन ब्रह्मचारी सम्मान

विद्याभास्कर को वशिष्ठ सम्मान, आयुष्मान फाउंडेशन को मिलेगा बृजनंदन ब्रह्मचारी सम्मान


अयोध्या। वशिष्ठ फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से पं. उमापति त्रिपाठी की जयंती पर चार अक्टूबर को रामकथा पार्क में सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी वासुदेवाचार्य विद्याभास्कर को वशिष्ठ सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। वहीं, बृजनंदन ब्रह्मचारी सम्मान दि आयुष्मान फाउंडेशन को प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर तीन बजे शुरू होगा।

वशिष्ठ फाउंडेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक होंगे। कार्यक्रम के दौरान भजन संध्या का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें कलाकार रूपेश मिश्र प्रस्तुति देंगे।

उन्होंने बताया कि वशिष्ठ सम्मान की शुरुआत वर्ष 2018 में की गई थी। यह सम्मान पं. उमापति त्रिपाठी की स्मृति और उनके साहित्यिक एवं सांस्कृतिक योगदान को केंद्र में रखते हुए प्रदान किया जाता है। अब तक यह सम्मान पं. विश्वेश्वरी प्रसाद शुक्ल ‘ब्रह्मचारी’, ब्रह्मानंद पाठक, मणिरामदास छावनी के महंत नृत्यगोपाल दास तथा राजगोपाल मंदिर के महंत रहे स्व. कौशल किशोर शरण फलाहारी समेत संतों और विद्वानों को दिया जा चुका है।

बृजनंदन ब्रह्मचारी की स्मृति में दिया जाने वाला सम्मान भी विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली संस्थाओं और व्यक्तियों को प्रदान किया जाता रहा है। बताया गया कि बृजनंदन ब्रह्मचारी का अयोध्या से भी जुड़ाव रहा और वह स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान क्रांतिकारी गतिविधियों में सक्रिय रहे। वह चंद्रशेखर आजाद के सहयोगियों में शामिल थे।

सम्मान समारोह में पं. उमापति त्रिपाठी के साहित्य, संस्कृत और सनातन संस्कृति में योगदान को भी स्मरण किया जाएगा। ट्रस्ट के अनुसार उनकी करीब 48 रचनाओं का उल्लेख मिलता है, जिनमें दर्शन, अध्यात्म और रसोपासना प्रमुख विषय रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments