जलालपुर, अंबेडकर नगर। सेवा सेतु अभियान के तहत बुधवार को महिला अस्पताल जलालपुर में स्वास्थ्य एवं जनकल्याण कैंप का आयोजन किया गया। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राम प्रकाश यादव ने फीता काटकर कैंप का उद्घाटन किया। कार्यक्रम का संयोजन विकास निषाद ने किया।
कैंप में महिलाओं की गोद भराई और बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। साथ ही उपस्थित लोगों की स्वास्थ्य जांच कर चिकित्सकों ने आवश्यक परामर्श दिया और दवाएं उपलब्ध कराईं। अभियान के तहत स्वास्थ्य, पंचायत, पशुपालन, आंगनबाड़ी और बाल पुष्टाहार विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी गई।
नोडल अधिकारी डॉ. पीके बादल और डॉ. अनिल त्रिपाठी सहित शैलेंद्र प्रकाश, शेषनाथ वर्मा और रवि श्याम पटेल ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान भाजपा नगर अध्यक्ष संदीप अग्रहरि, केशव श्रीवास्तव, मानिकचंद सोनी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पूर्व जिलाध्यक्ष राम प्रकाश यादव ने कहा कि सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य आमजन तक स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ सहज रूप से पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे कैंप जरूरतमंद और कमजोर वर्ग के लोगों के लिए उपयोगी साबित हो रहे हैं।
कार्यक्रम संयोजक विकास निषाद ने कहा कि भाजपा सेवा को समर्पित संगठन है और अभियान के माध्यम से जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। इस अवसर पर डॉ. शिवपूजन वर्मा, अमरनाथ सिंह, सुरेश गुप्त, आनंद मिश्र, दिलीप यादव, सोनू गौड़, गोपाल सोनकर, शिवम आर्या समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।