अयोध्या। पोषण माह के अंतर्गत सदर तहसील परिसर में आंगनवाड़ी विभाग की ओर से प्रदर्शनी एवं विभिन्न स्टॉल लगाए गए। कार्यक्रम में अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने पहुंचकर प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से पोषण संबंधी गतिविधियों और विभागीय योजनाओं की जानकारी ली।
विधायक ने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और समुचित विकास के लिए संतुलित आहार बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से बच्चों और गर्भवती महिलाओं के पोषण पर विशेष ध्यान देने की अपील की। साथ ही कुपोषण से बचाव के लिए सरकार की ओर से संचालित योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान अयोध्या विधायक ने दो बच्चों का अन्नप्राशन कराया तथा दो गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म भी संपन्न कराई। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने पोषण से संबंधित विभिन्न खाद्य पदार्थों एवं गतिविधियों के माध्यम से संतुलित आहार के प्रति लोगों को जागरूक किया।
विधायक ने कहा कि स्वस्थ बचपन ही मजबूत समाज की नींव है। बच्चों, किशोरियों और गर्भवती महिलाओं को पर्याप्त पोषण उपलब्ध कराना सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा पोषण जागरूकता को लेकर किए जा रहे कार्यों की सराहना की।