अम्बेडकर नगर। सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को जिला चिकित्सालय परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ प्रदेश के पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने किया। इस दौरान उन्होंने स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व पर जोर देते हुए लोगों से जरूरतमंद मरीजों के लिए अधिक से अधिक रक्तदान करने की अपील की।
शासन के निर्देश पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला चिकित्सालय में आयोजित रक्तदान शिविर में विभिन्न लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य हरिओम पाण्डेय, कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद, जिला पंचायत प्रशासक श्याम सुंदर वर्मा, जिलाधिकारी ईशा प्रिया, मुख्य विकास अधिकारी वैभव मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. प्रमोद कुमार, जिला चिकित्सालय के सीएमएस समेत अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
शिविर के दौरान रक्तदान को महादान बताते हुए लोगों को इसके प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलती है। शिविर के माध्यम से समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता और सहभागिता बढ़ाने का संदेश दिया गया।