Thursday, September 17, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यासेवा, स्वच्छता और संवेदना के रंग में रंगी अयोध्या, पीएम मोदी के...

सेवा, स्वच्छता और संवेदना के रंग में रंगी अयोध्या, पीएम मोदी के जन्मदिवस पर हुए विविध आयोजन


◆ धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता पौधरोपण, जिला अस्पताल में फलवितरण व आयोजित हुआ रक्तदान शिविर


अयोध्या। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से जिले व महानगर क्षेत्र में स्वच्छता, पौधरोपण, रक्तदान और फल वितरण सहित विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए। पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व वाले स्थलों के साथ अस्पतालों में सेवा के कार्यक्रम आयोजित किए।

विधायक वेद प्रकाश गुप्ता और क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश पाण्डेय बादल की अगुवाई में पाटेश्वरी मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाने के साथ पौधरोपण किया गया। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने लता चौक, पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने देवकाली मंदिर, जिला पंचायत प्रशासक रोली सिंह ने दशरथ समाधि तथा पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने सूर्यकुंड में स्वच्छता अभियान और पौधरोपण किया। जिले के अन्य धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों पर भी भाजपा पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने अभियान चलाया।


रक्तदान शिविर में 80 युवाओं ने किया रक्तदान



जिला चिकित्सालय में भारतीय जनता युवा मोर्चा की जिला एवं महानगर इकाई की ओर से रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने फीता काटकर शिविर का उद्घाटन किया। शिविर में 80 युवाओं ने रक्तदान किया, जबकि 150 लोगों ने रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा और जनकल्याण के कार्यों से जोड़कर मनाया जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों तक सेवा गतिविधियों को पहुंचाया जा रहा है। विधायक अयोध्या वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर आयोजित सेवा कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद लोगों तक सहयोग और सेवा की भावना को पहुंचाना है। उन्होंने रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए युवाओं से ऐसे अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने जन्मदिवस के अवसर पर विभिन्न सेवा कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के बीच अपनी सहभागिता दर्ज कराई है। स्वच्छता, पौधरोपण, रक्तदान और फल वितरण जैसे कार्यक्रमों के जरिए सेवा का संदेश दिया गया। जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी ने कहा कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पार्टी कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों द्वारा सेवा गतिविधियां आयोजित की गईं।


अस्पतालों में हुआ फल वितरण



सेवा अभियान के तहत जिला चिकित्सालय में विधायक अयोध्या वेद प्रकाश गुप्ता, महिला चिकित्सालय में जिला पंचायत प्रशासक रोली सिंह, मेडिकल कॉलेज में महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी तथा अंध विद्यालय, बाग बिजैसी अयोध्या में क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी और महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने फल वितरण किया गया। पूराबाजार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक प्रमुख संघ के जिलाध्यक्ष शिवेंद्र सिंह की अगुवाई में फल वितरण कार्यक्रम आयोजित हुआ।

रक्तदान शिविर में  विधायक अमित सिंह चौहान, महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश पाण्डेय बादल, शक्ति सिंह, क्षेत्रीय मंत्री काशीराम, जिला पंचायत प्रशासक प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित, पूर्व महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्र, विधायक प्रतिनिधि अमल गुप्ता, शैलेन्द्र कोरी, तिलकराम मौर्या, अरविंद सिंह, शशि प्रताप सिंह, प्रवीण दुबे, मुकेश तिवारी, रवि सोनकर, प्रांशु अग्रवाल, शकुंतला गौतम सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


आशीर्वाद के दीपों से जगमगाई अयोध्या, विभिन्न स्थलों पर जलाए गए दीप



प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु होने की कामना के साथ जिले और महानगर क्षेत्र के विभिन्न आध्यात्मिक एवं धार्मिक महत्व के स्थलों पर ‘आशीर्वाद के दीप’ प्रज्ज्वलित किए गए। इसके साथ ही बूथों के सार्वजनिक स्थलों तथा लाभार्थियों ने अपने घरों के सामने भी दीप जलाए।



सूर्यकुंड में क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी की अगुवाई में दीप प्रज्ज्वलन व हवन पूजन किया गया। यहां लेजर शो का भी आयोजन हुआ। लता चौक पर महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी, नंदीग्राम में पूर्व सांसद लल्लू सिंह तथा दशरथ समाधि स्थल पर जिला पंचायत प्रशासक रोली सिंह की अगुवाई में दीप प्रज्ज्वलित किए गए। पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने आदि शक्ति मरी माता मंदिर में हवन पूजन किया। इसके अलावा राम मंदिर और अयोध्या एयरपोर्ट परिसर में भी दीप जलाए गए। जिले में चिन्हित 24 प्रमुख आध्यात्मिक एवं धार्मिक स्थलों पर भाजपा पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की ओर से दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। सार्वजनिक स्थलों से लेकर घरों तक दीपों की रोशनी के बीच प्रधानमंत्री के दीर्घायु होने की कामना की गई। कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, श्रद्धा और जनसहभागिता का संदेश भी दिया गया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments