◆ बृजभूषण शरण सिंह होंगे मुख्य अतिथि, अवधी गायक दिवाकर द्विवेदी और उद्योगपति आनंद पाण्डेय की रहेगी विशेष मौजूदगी
अयोध्या। अवध की भाषा, लोकसंस्कृति और कला को डिजिटल दुनिया में नई पहचान दिलाने वाले कलाकारों को सम्मानित करने के लिए 2 नवंबर को अयोध्या में अवधी अवार्ड शो का आयोजन होगा। अयोध्या-रायबरेली रोड स्थित 3 एजी होटल एंड रिसोर्ट में दोपहर दो बजे से आयोजित कार्यक्रम में सोशल मीडिया के चर्चित कॉमेडियन, रील क्रिएटर, इन्फ्लुएंसर और गायक शामिल होंगे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बृजभूषण शरण सिंह होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सुप्रसिद्ध अवधी गायक दिवाकर द्विवेदी और प्रतापगढ़ के उद्योगपति आनंद पाण्डेय मौजूद रहेंगे। आयोजन भाजपा जिला मीडिया प्रभारी सुशील मिश्रा के नेतृत्व में होगा। गायक एवं अभिनेता विवेक पाण्डेय कार्यक्रम के संयोजक तथा भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी संरक्षक हैं। मिल्कीपुर विधायक गोरखनाथ बाबा भी शामिल होंगे।
कार्यक्रम में ‘बिट्टी के पापा’ शरद यादव, आर्यन बाबू, मानवेंद्र सिंह, रोली जौनपुरिया, जितिन शुक्ला, रिंकू विश्वकर्मा, पवन तिवारी, ढेला बाबा, कुलदीप कुमार, चंदा भौजी, पवन पंडित और रमेश दुबे समेत कई चर्चित कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
आयोजक सुशील मिश्रा ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य अवधी भाषा, कला और संस्कृति को व्यापक पहचान दिलाने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है।