◆ ‘नगर की सरकार आपके द्वार’ में महापौर ने सुनीं समस्याएं, अधिकारियों को दिए समयबद्ध समाधान के निर्देश
अयोध्या। नवविकसित कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम अब चरणबद्ध तरीके से काम करेगा। सोमवार को ‘नगर की सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार और निगम अधिकारियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से सीधे संवाद कर सड़क, पेयजल, सीवर, नाली, प्रकाश और सफाई से जुड़ी समस्याएं जानीं।
महापौर ने स्पष्ट किया कि जिन कॉलोनियों में पेयजल और सीवर लाइन की जरूरत है, वहां पहले इन सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इसके बाद सड़क निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क बनने के बाद दोबारा पाइपलाइन डालने से सड़क क्षतिग्रस्त न हो, इसलिए विकास कार्यों को इसी क्रम में कराया जाएगा। निर्माण कार्य पूरा होने तक आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए जरूरत के अनुसार राबिश डालकर रास्तों को चलने योग्य रखने के निर्देश दिए गए।
भ्रमण की शुरुआत सुबह 7:45 बजे जनौरा वार्ड के गिरिजा कुंड से हुई। मोड़ स्थित बारातघर पर अवैध कब्जे की शिकायत पर महापौर ने संबंधित अधिकारियों को कब्जा हटाने के निर्देश दिए। गिरिजा कुंड की पैमाइश कराने की आवश्यकता भी नगर आयुक्त ने बताई। इसके बाद टीम खेतबगिया पहुंची, जहां सोलर लाइट लगाने का आश्वासन दिया गया।
वजीरगंज वार्ड के चेला छावनी क्षेत्र में स्थानीय लोगों ने सड़क, सीवर और पेयजल की समस्या रखी। महापौर ने पेयजल पाइपलाइन बिछाने, आवश्यकता के अनुसार स्ट्रीट लाइट लगाने और सीवर लाइन का कार्य पूरा होने के बाद सड़क निर्माण कराने के निर्देश दिए।
श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड की अश्वनीपुरम फेस-टू कॉलोनी में पेयजल और प्रकाश की समस्या सामने आई। महापौर ने जल्द पानी की आपूर्ति और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था कराने को कहा। वहीं, गलियों में मलबा डालकर अस्थायी रूप से रास्ता ठीक कराने के निर्देश दिए।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडे ने बताया कि सरस्वतीपुरम फेस-टू कॉलोनी में प्रमोद पाठक के आवास पर चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी गईं। विजय विहार कॉलोनी में सफाई व्यवस्था की शिकायत पर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
गिरिजा कुंड में पार्षद धर्मेंद्र प्रताप सिंह की मौजूदगी में भी लोगों की समस्याएं सुनी गईं। कोरखाना में सीवर लाइन और सड़क, जबकि द्वारकापुरी कॉलोनी में नाली और प्रकाश व्यवस्था की समस्या सामने आई। महापौर ने संबंधित कार्यों को प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए। सड़क की मरम्मत के लिए राबिश डलवाने को भी कहा गया।
अंत में शक्ति विहार कॉलोनी से देवकाली तक मार्गों का निरीक्षण किया गया। यहां सड़क, नाली और सीवर से जुड़ी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया गया।
इस दौरान अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भारत भार्गव, महाप्रबंधक जलकल सौरभ श्रीवास्तव, जोनल अधिकारी सुभाष त्रिपाठी, विनय सिंह सहित नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी, पार्षद विशाल यादव, छोटू यादव, धर्मेंद्र मौर्य, धर्मेंद्र प्रताप सिंह, राधेश्याम मौर्य, रंजीत पांडेय तथा भाजपा नेता सुभाष चतुर्वेदी, सतीश पांडेय, जगदीश चतुर्वेदी, गौरव शुक्ल, गौरव सिंह, राकेश सिंह, उमाशंकर सिंह, मुन्ना, अजय राज सिंह, हिमांशु सिंह, आलोक द्विवेदी, राहुल पाठक आदि मौजूद रहे।