अयोध्या। सावन मेले को लेकर नगर निगम ने व्यवस्थाओं को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और शहर की व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए निगम की टीमें लगातार विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण और व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही हैं।
महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहर के चार प्रमुख स्थानों पर विशेष कैंप लगाए गए हैं। इन कैंपों में बरसात से बचाव समेत आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। नगर निगम की टीमें लगातार मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रही हैं।
महापौर ने बताया कि वह स्वयं नगर आयुक्त और निगम की टीम के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं। मंगलवार को हनुमानगढ़ी क्षेत्र का निरीक्षण किया गया, जबकि अन्य प्रमुख क्षेत्रों में भी लगातार जायजा लिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता, पेयजल और मार्ग प्रकाश को लेकर किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नगर निगम की व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर करने के साथ उनका रखरखाव भी किया जा रहा है।
महापौर ने कहा कि सावन मेला लंबी अवधि तक चलने वाला बड़ा धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन है। श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए नगर निगम की सफाई टीमें चौबीसों घंटे काम कर रही हैं। मंदिरों और प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास सफाई व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
नगर निगम ने श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को भरोसा दिलाया है कि मेले के दौरान मूलभूत सुविधाओं को लेकर किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए लगातार निगरानी और आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।