◆ सफाई और लाउंड्री एजेंसियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश, मरीजों से सीधे ली स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी
अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने शुक्रवार को दर्शननगर स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में गंदगी, वार्डों में अस्वच्छ एवं क्षतिग्रस्त बेडशीट मिलने पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए सफाई और लाउंड्री का कार्य देख रही दोनों एजेंसियों का भुगतान तत्काल प्रभाव से रोकने तथा कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने ओपीडी, आईसीयू सहित विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया। अस्पताल परिसर और वार्डों में साफ-सफाई अपेक्षित स्तर की न मिलने पर उन्होंने सफाई का कार्य कर रही प्राइम क्लीनिक एजेंसी को फटकार लगाई। वहीं कई वार्डों में गंदी, पुरानी और फटी हुई बेडशीट मिलने पर लाउंड्री का कार्य देख रही श्री एंटरप्राइजेज के प्रति भी नाराजगी जताई। उन्होंने दोनों एजेंसियों का भुगतान तत्काल रोकने और स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर उपचार, दवाओं की उपलब्धता तथा अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मरीजों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इसके बाद जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज के बाहर संचालित खाद्य सामग्री की दुकानों की गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश खाद्य सुरक्षा विभाग को दिए। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों की नियमित जांच कराई जाए और मानकों के विपरीत पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अमित कुमार भट्ट, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र भिटौरिया, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आदित्य विक्रम अग्रवाल, मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. दिनेश सिंह मारतोलिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।