Thursday, July 30, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यामोबाइल चोरी के बाद खाते से उड़े 85 हजार रुपये, कोर्ट आए...

मोबाइल चोरी के बाद खाते से उड़े 85 हजार रुपये, कोर्ट आए युवक ने दर्ज कराया मुकदमा


◆ कैंट स्टेशन से कचहरी के बीच वारदात, पुलिस साइबर एंगल से भी कर रही जांच


अयोध्या। कैंट रेलवे स्टेशन से कचहरी जाते समय एक युवक का मोबाइल चोरी हो गया। आरोप है कि इसके बाद चोरों ने उसके बैंक खाते से यूपीआई के माध्यम से 85 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, बाबा बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम लोधन सैदपुर निवासी उदयराज रोजगार के सिलसिले में दिल्ली में रहते हैं। वह एक मुकदमे की पैरवी के लिए अयोध्या आए थे। तहरीर में उन्होंने बताया कि कैंट रेलवे स्टेशन से बाहर निकलने के बाद दो युवक उनके साथ हो लिए। कचहरी जाने के लिए जब वह ई-रिक्शा में बैठे तो दोनों युवक भी उसी वाहन में सवार हो गए और बातचीत में उलझाए रखा। इसी दौरान उनका मोबाइल फोन गायब हो गया।

पीड़ित ने बताया कि मोबाइल चोरी होने की जानकारी मिलते ही उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से इसकी सूचना दर्ज कराई। अगले दिन नया सिम जारी कराने के बाद बैंक खाते की जानकारी लेने पर पता चला कि उनके खाते से यूपीआई के जरिए 85 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं।

इस घटना ने मोबाइल चोरी के साथ साइबर ठगी के बढ़ते खतरे को भी उजागर किया है। अब पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपितों ने मोबाइल हाथ लगने के बाद बैंक खाते और यूपीआई तक कैसे पहुंच बनाई। मोबाइल लॉक, पासवर्ड अथवा अन्य सुरक्षा व्यवस्था को किस प्रकार भेदा गया, इसकी भी जांच की जा रही है।

पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और बैंक लेनदेन के तकनीकी पहलुओं की भी जांच कर आरोपितों की तलाश की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments